मुजफ्फरपुर/शेरपुर:
शहर के शेरपुर स्थित ज्ञानदीप सेंट्रल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (एनुअल स्पोर्ट्स डे) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्रों का अभूतपूर्व उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। नन्हे-मुन्नों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कबड्डी और दौड़ में दिखा दमखम
प्रतियोगिता के दौरान 10वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न श्रेणियों में खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी और क्रिकेट में जहां टीम स्पिरिट दिखी, वहीं 100 मीटर व 200 मीटर दौड़ और रिले रेस में बच्चों ने रफ़्तार का जौहर दिखाया। इसके अलावा रस्साकसी (टैग्स वार), फ्रॉग जंप, बैलेंस रेस, स्पून रेस और स्लो साइकिल रेस जैसे दिलचस्प मुकाबलों ने दर्शकों और अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया।

खेल सर्वांगीण विकास का आधार: निदेशक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुखिया नरेश प्रसाद, अविनेश सर, पंकज बाहुबली, कराटे कोच राहुल सर और कवयित्री मुस्कान केसरी ने शिरकत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार ने कहा, “खेलकूद केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार है। हमारे शिक्षक और प्रबंधन छात्रों को खेलों के क्षेत्र में हर संभव मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

अनुशासन और आत्मविश्वास की जीत
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों ने बताया कि शिक्षकों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से उनके आत्मविश्वास और अनुशासन में काफी वृद्धि हुई है। विद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। पूरा कार्यक्रम स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।




